भारतीय जूडो टीम के चयन हेतु दीपक गुप्ता नामित
भारतीय जूडो महासंघ ने दीपक गुप्ता को चयनकर्ताओं में शामिल कर दी बड़ी जिम्मेदारी, खेल जगत में खुशी की लहर
भोपाल के साई सेंटर में 25 से 28 जून तक होने वाले ओपन सिलेक्शन ट्रायल में निभाएंगे तकनीकी अधिकारी की भूमिका
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर-खेल जगत से सहारनपुर के लिए एक बेहद गौरवशाली खबर सामने आई है। सहारनपुर के जूडो प्रशिक्षक और अंतरराष्ट्रीय रेफरी दीपक गुप्ता को भारतीय जूडो टीम के चयन हेतू चयनकर्ताओं में शामिल किया गया है। चयनकर्ताओं में शामिल होने पर दीपक गुप्ता को सहारनपुर जिला जूडो संघ के पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भारतीय जूडो महासंघ द्वारा किया गया यह मनोनयन न केवल जिला बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। दीपक गुप्ता को आगामी एशियाई जूडो प्रतियोगिता और विश्व जूडो प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने वाली भारतीय जूडो टीम के लिए चयनकर्ताओं में शामिल किया गया है। वह मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित साई सेंटर में 25 से 28 जून तक आयोजित होने वाले ओपन सिलेक्शन ट्रायल में अंतरराष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। गौरतलब है कि दीपक गुप्ता लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षक और रेफरी के रूप में देश-प्रदेश का मान बढ़ाते रहे हैं। उनके इस अनुभव को देखते हुए ही भारतीय जूडो महासंघ ने उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इस मनोनयन से स्थानीय जूडो खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों में भारी उत्साह है।दीपक गुप्ता की इस उपलब्धि पर सहारनपुर जिला जूडो संघ के संरक्षक ए. सी. गुप्ता, अध्यक्ष डॉ. एस. के. शर्मा, उपाध्यक्ष पंकज बंसल, संजय गुप्ता, अनिल अग्रवाल, संजीव गुप्ता, मुकेश कुमार, धीरज जैन, नौशाद सैफी और राजीव शर्मा आदि खेल पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
0 टिप्पणियाँ