दावत के बहाने बुलाकर युवक की गोली मारकर हत्या,चार के खिलाफ नामजद हत्या का केस दर्ज
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार-कोतवाली मंगलौर क्षेत्र में एक युवक की दावत के बहाने बुलाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई।पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस मृतक के दोस्तों से भी गहनता से पूछताछ कर रही है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव मोहम्मदपुर जट्ट निवासी राजेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे सौरभ के पास शनिवार की शाम करीब पांच बजे उसके दोस्त सुमित निवासी गांव केलनपुर,थाना पुरकाजी जिला मुजफ्फरनगर का फोन आया था। सुमित ने सौरभ से कहा था कि वह उसे लेने आ रहा है और साथ बैठकर दावत करेंगे।फोन आने के बाद सौरभ गांव के शिव मंदिर के पास पहुंचा।जहां पहले से ही गांव निवासी उसके दोस्त डिंपल और आशीष मौजूद थे।कुछ देर बाद सुमित भी बाइक से वहां पहुंचा और सौरभ,डिंपल व आशीष को अपने साथ बाइक पर बैठाकर नहर किनारे बूढ़पुर जट्ट स्थित राजा ईंट भट्टे के पीछे ले गया। वहां पहुंचने के बाद सुमित टायलेट होने का बहाना बनाकर कुछ दूरी पर चला गया।उसके लौटने के कुछ देर बाद शाम करीब सात बजे एक बाइक पर अनुज पुत्र नाथीराम निवासी सकरपुर,रोबिन और प्रद्युम्न मौके पर पहुंचे।आरोप है कि अनुज और रोबिन के हाथ में चाकू और प्रद्युम्न के हाथ में तमंचा था। आरोप है कि प्रद्युम्न ने तमंचे से फायर कर दिया।गोली सीधे सौरभ को लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए ।इसके बाद घायल सौरभ को सुमित,डिंपल और आशीष पुरकाजी के एक अस्पताल लेकर पहुंचे।जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया।लेकिन मुजफ्फरनगर ले जाते समय रास्ते में ही सौरभ ने दम तोड़ दिया।मृतक के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है।कोतवाली प्रभारी भगवान महर ने बताया कि तहरीर के आधार पर अनुज,रोबिन और प्रद्युम्न के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपियों की तलाश की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ