नगरायुक्त ने किया वार्ड 50 व वार्ड 34 का निरीक्षण
-पुलिस व रेलवे की भूमि पर लोगों ने अतिक्रमण कर फैला रखी है गंदगी, जल निकासी हो रही है अवरुद्ध
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- नगरायुक्त शिपू गिरि ने आज वार्ड 50 हकीकत नगर व वार्ड 34 में पंजाबी बाग क्षेत्र का क्षेत्रीय पार्षदों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने हकीकत नगर चौक स्थित पार्क का सौंदर्यीकरण करने तथा उक्त वार्डो में अतिक्रमण, साफ-सफाई व जल निकासी के सम्बंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पंजाबी बाग क्षेत्र में रेलवे एव पुलिस विभाग की भूमि पर अतिक्रमण के कारण अवरुद्ध हो रही जल निकासी तथा गंदगी का उल्लेख करते हुए पत्र लिखकर पुलिस अधीक्षक एवं रेलवे अधिकारियों को अपनी भूमि से अतिक्रमण हटाते हुए उसे संरक्षित करने और जल निकासी में सहयोग देने को कहा है।
नगरायुक्त शिपू गिरि आज सुबह वार्ड 50 में हकीकत नगर पहुंचे और वार्ड कार्यालय व धरना स्थल पार्क तथा जोनल ऑफिस के सामने के पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों पार्को का सौंदर्यीकरण करने, क्षेत्र में साफ-सफाई को और दुरुस्त रखने तथा सीएम ग्रिड के तहत बनायी गयी सड़क के फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद अमित त्यागी भी मौजूद रहे। वार्ड 34 पंजाबी बाग क्षेत्र के कृष्णापुरम में निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद सुधीर पंवार ने नगरायुक्त को दिखाया कि किस प्रकार कुछ लोगों ने रेलवे व पुलिस विभाग की भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है और वहां कूड़ा-कचरा फैलाकर जल निकासी को अवरुद्ध कर दिया है जिससे चारों ओर गंदगी व्याप्त है। इस पर नगरायुक्त ने एसएसपी सहारनपुर तथा अंबाला मंडल के मंडलीय रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर उक्त स्थिति से अवगत कराते हुए अपने विभाग की भूमि से अतिक्रमण हटवाने और उसे संरक्षित करने को कहा है। नगरायुक्त ने उक्त अधिकारियों को लिखे पत्र में कहा है कि उक्त भूमि पर स्थायी अतिक्रमण की संभावना बढ़ रही है और शासकीय संपत्ति को क्षति पहुंच रही है। अतिक्रमण के कारण जल निकासी अवरुद्ध होने से जलभराव की स्थिति बनी हुयी है और उसके कारण वहां फैली गंदगी से संक्रामक रोगों/महामारी फैलने की प्रबल आशंका है। नगरायुक्त ने उक्त भूमि पर नगर निगम की टीम के साथ संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर गंदगी फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा जल निकासी व्यवस्था को सुचारु कराने में सहयोग करने को कहा है। उल्लेखनीय है कि पार्षद सुधीर पंवार ने गत 08 सितंबर को हुई निगम की बोर्ड बैठक में भी कृष्णापुरम में अतिक्रमण, गंदगी और जल निकासी अवरुद्ध होने का मामला उठाया था।
0 टिप्पणियाँ