मेला गुघाल को भी बनाया जायेगा प्लास्टिक मुक्त एवं इको-फ्रेंडली
नगरायुक्त ने की मेला गुघाल तैयारियों की समीक्षा
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-नगरायुक्त ने आज कैंप कार्यालय में मेला गुघाल की तैयारियों को लेकर निगम अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। उन्होंने इस वर्ष मेले को और बेहतर करने तथा सभी विभागों को परस्पर समन्वय स्थापित कर कार्यो को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। नगरायुक्त ने मेले को प्लास्टिक मुक्त एवं इको-फ्रेंडली बनाने तथा दिव्यांगजनों के लिये रैम्प एवं व्हीलचेयर की व्यवस्था, बुजुर्गों के लिये विश्राम स्थल, महिलाओं के लिये पिंक टॉयलेट एवं चेंजिंग रूम, बच्चों के लिये खोया-पाया केन्द्र तथा सभी सूचनाओं के लिये साइनेज/हेल्पडेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
नगरायुक्त शिपू गिरि ने कहा कि इस वर्ष मेला गुघाल को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाया जायेगा। सभी दुकानों, स्टॉलों पर केवल बायोडिग्रेडेबल, दोना-पत्तल, कागज एवं कपड़े के थैलों का ही उपयोग किया जायेगा। नगर निगम द्वारा जगह-जगह कूड़ा पृथक्करण के लिये अलग-अलग डस्टबिन, वाटर एटीएम एवं जूट/कपड़े के थैलों की व्यवस्था की जायेगी। श्रद्धालुओं से भी अपील की जायेगी कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा कि मेले को सभी वर्गो के लिए सुगम बनाया जायेगा।उन्होंने मेला गुघाल से संबंधित विभिन्न विभागों की निविदाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि गत वर्ष निविदा प्रक्रिया में विलम्ब के कारण कार्य अन्तिम समय में पूर्ण हुए थे जिससे असहज स्थिति उत्पन्न हुई थी, इस वर्ष ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न हो, इसलिए सभी टेण्डरों का प्रकाशन, मूल्यांकन एवं निस्तारण शीघ्रतम किया जाये। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्थलीय निरीक्षण करें और क्षेत्र के लोगों, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य विभागों से फीडबैक लेकर कार्य करें।नगरायुक्त ने मेले के महत्व एवं कार्यों की समयबद्धता के दृष्टिगत समस्त अधिकारियों/कर्मचारियों के अवकाश भी निरस्त कर दिये। उन्होंने कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सकुशल आयोजन के लिये निगम की पूरी टीम की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि पूरी टीम इसी मनोयोग से मेला गुघाल को प्लास्टिक मुक्त, स्वच्छ, सुरक्षित एवं समावेशी बनायेगी। बैठक में समस्त विभागाध्यक्ष, मेला अधिकारी/मेला गुघाल, समस्त अपर नगर आयुक्त, समस्त जोनल अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता आदि उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ