22 अक्टूबर को होगा जिला स्तरीय जूडो प्रतियोगिता का आयोजन - दीपक गुप्ता (अंतरराष्ट्रीय रेफरी)
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर-जिले के जूडो खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल दिखाने का अवसर मिलने जा रहा है। सहारनपुर जिला जूडो एसोसिएशन की ओर से 22 अक्टूबर को डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित जूडो हॉल में जिला स्तरीय जूडो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के बालक एवं बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
सहारनपुर जिला जूडो एसोसिएशन के मुख्य प्रशिक्षक एवं संस्थापक सचिव अंतरराष्ट्रीय रेफरी दीपक गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में मिनी, सब-जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। जनपद के सभी पंजीकृत जूडो खिलाड़ी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए पात्र होंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना और जूडो खेल के प्रति युवाओं की रुचि को बढ़ावा देना है।दीपक गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी 21 अक्टूबर तक मोरगंज स्थित एसोसिएशन कार्यालय में अपना पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने जनपद के जूडो खिलाड़ियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण कराकर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएंगी। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रतियोगिता में खिलाड़ी पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लेंगे तथा अपने प्रदर्शन से अपनी टीम का नाम रोशन करेंगे।
0 टिप्पणियाँ