ग्लोकल विश्वविद्यालय में श्रद्धा एवं संकल्प के साथ मनाई गई गांधी जयंती
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर ग्लोकल विश्वविद्यालय छात्र कल्याण अधिष्ठाता टीम तथा राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा परिसर में श्रद्धा, सत्य, अहिंसा एवं राष्ट्रसेवा की भावना के साथ गांधी जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ग्लोकल विश्वविद्यालय के अतिरिक्त प्रतिकुलाधिपति प्रोफेसर सैयद निजामुद्दीन एवं कुलसचिव प्रोफेसर शिवानी तिवारी की प्रेरणा से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. जॉन फिन्बे द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी, आत्मानुशासन और मानवता के प्रति समर्पण का अनुपम संदेश देता है। गांधी जी ने यह सिद्ध किया कि नैतिक मूल्यों और सत्य के मार्ग पर चलते हुए समाज में व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है। आज के समय में उनके विचार युवाओं के लिए विशेष रूप से प्रासंगिक हैं और हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन एवं कार्यव्यवहार में आत्मसात करने का संकल्प लेना चाहिए।इसके उपरांत जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मोहम्मद वाजिद खान ने उपस्थित सभी अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को सत्य, निष्ठा, ईमानदारी एवं अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से सभी ने राष्ट्रहित, सामाजिक सद्भाव तथा नैतिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के डीन, संकाय सदस्य, अधिकारीगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने परिसर में गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, अनुशासन एवं सेवा के विचारों को पुनः स्मरण करने के साथ-साथ उन्हें व्यवहार में उतारने की प्रेरणा प्रदान की।कार्यक्रम का सफल एवं गरिमापूर्ण संचालन छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. शोभा त्रिपाठी द्वारा किया गया। समारोह का समापन सामूहिक रूप से राष्ट्रगान के साथ हुआ।
0 टिप्पणियाँ