मानवीय कल्याण समिति की रामलीला में भव्य लंका दहन का मंचन, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा लेबर कॉलोनी
हनुमान जी की अद्भुत वीरता, साहस और प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट भक्ति ने मोहा दर्शकों का मन, अधर्म पर धर्म की विजय का दिया संदेश
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- मानवीय कल्याण समिति, लेबर कॉलोनी द्वारा आयोजित रामलीला में लंका दहन की लीला का भव्य, आकर्षक एवं भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपनी शानदार अभिनय कला से हनुमान जी के पराक्रम, बुद्धिमत्ता, अदम्य साहस और भगवान श्रीराम के प्रति अटूट समर्पण को सजीव रूप में प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लंका दहन के रोमांचक दृश्य के दौरान पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा। उपस्थित दर्शकों ने तालियों और जयघोष के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
रामलीला के माध्यम से दर्शाया गया कि जब माता सीता की खोज में हनुमान जी लंका पहुंचे, तो उन्होंने अपनी बुद्धिमत्ता और पराक्रम से रावण की लंका में भगवान श्रीराम की शक्ति का परिचय कराया। रावण के अहंकार और अत्याचार के प्रतीक स्वरूप लंका दहन का दृश्य अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता नजर आया। लीला ने दर्शकों को यह प्रेरणा दी कि सत्य, धर्म और भक्ति के मार्ग पर चलने वालों की सदैव विजय होती है।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुलबीर राणा, शगुन गुप्ता , मानू गुप्ता एवं पवन कुमार उपस्थित रहे। समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने कहा कि रामलीला हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, हनुमान जी की सेवाभावना तथा सत्य, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं।समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि मानवीय कल्याण समिति का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज में सद्भाव, संस्कार और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। रामलीला के प्रत्येक प्रसंग में जीवन के लिए कोई न कोई महत्वपूर्ण संदेश छिपा है, जिसे आत्मसात कर समाज को बेहतर बनाया जा सकता है। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष प्रदीप कपिल, महामंत्री विश्वनाथ तिवारी, कोषाध्यक्ष संजय राय, संरक्षक व दशहरा प्रधान प्रदीप शर्मा ( टीनू गुरु जी )संयोजक ठाकुर रामाशंकर सिंह, उमेश कश्यप, संदीप रावत, राजेंद्र गुप्ता गर्ग, यशपाल चौधरी, सतेंद्र रावत, कमल श्रीवास्तव, डॉ. अश्वनी शर्मा, डॉ. मोहित शर्मा एवं प्रकाश पांडेय सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम का मंच संचालन विजय गुप्ता एवं एडवोकेट सतीश चौधरी ने किया। समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने रामलीला के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। लंका दहन की लीला के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और दर्शकों ने भगवान श्रीराम के जयकारों के साथ कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की।

0 टिप्पणियाँ