युद्ध स्तर पर खराब लाइटें ठीक करा रहा नगर निगम
-दीपावली पर शहर को जगमगाने के लिए निगम ने खरीदी एक हजार से अधिक नयी लाइट
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-दीपों के महापर्व दीपावली को लेकर नगर निगम पथ प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य कर रहा है। शहर के प्रत्येक वार्ड में नयी लाइटों से लेकर पुरानी खराब लाइटों की मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। दीपावली तक 95 प्रतिशत से अधिक लाइटों को क्रियाशील अवस्था में रखने का लक्ष्य रखा गया है। शहर को दीपावली पर जगमगाने के लिए एक हजार से अधिक नयी लाइट निगम द्वारा खरीदी गयी है।
पथ प्रकाश प्रभारी वी बी सिंह ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शहर के सभी 70 वार्डो में स्थिति अनुसार 5-8 नयी लाइट लगाने का प्रावधान रखा गया है। इसके अलावा निगम की खराब लाइटों के लिए स्पेयर पाटर््स मंगवाकर उन्हें तेजी से ठीक कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अनुबंध के अनुसार ईईएसएल कंपनी द्वारा भी वार्ड वार सर्वे कर खराब लाइटों को ठीक करने का कार्य शुरु कर दिया गया है। ईईएसएल कंपनी द्वारा लाइटों को ठीक करने के लिए काफी सामग्री मंगायी गयी है। पथ प्रकाश प्रभारी ने बताया कि दीपावली तक 95 प्रतिशत से अधिक लाइटों को क्रियाशील अवस्था में ले आया जाए, यह प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि धार्मिक स्थलों, प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, कार्यक्रम स्थलों एवं प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता में रखा गया है। निगम के विद्युत कर्मचारी युद्ध स्तर पर खराब लाइटों को ठीक करने का कार्य कर रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ