अंतर महाविद्यालय कराटे प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल सम्मानित
कराटे खिलाड़ियों के हित में सदैव तत्पर है संघ-नंदकिशोर
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर-कैराना स्थित विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित अंतर महाविद्यालय कराटे प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
कराटे एसोसिएशन ऑफ सहारनपुर के सचिव नंदकिशोर ने बताया कि तीन अक्टूबर को आयोजित प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में निर्णायक मंडल ने पूरी निष्ठा और निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. ओमप्रकाश बेनीवाल ने निर्णायक मंडल के सदस्यों नंदकिशोर, पुष्कर सिंह पुंडीर, शरद, निधि, आंचल, एकता एवं समरीन को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।प्रधानाचार्य डॉ. ओमप्रकाश बेनीवाल ने कहा कि निर्णायक मंडल ने ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया । वहीं, मैनेजर हरेंद्र सिंह खोकर ने निर्णायक मंडल के सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।कराटे एसोसिएशन ऑफ सहारनपुर के सचिव नंदकिशोर ने कहा कि महाविद्यालय और विश्वविद्यालय स्तर के कराटे खिलाड़ियों को बेहतर मंच एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए संघ सदैव तत्पर है। खिलाड़ियों के हित में हरसंभव सहयोग किया जाएगा और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

0 टिप्पणियाँ