वरिष्ठ नागरिकों ने डीआरएम को सौंपा ज्ञापन, स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने की मांग
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-अखिल भारतीय सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी (रजि.) के प्रतिनिधिमंडल ने सहारनपुर आगमन पर मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया से मुलाकात कर रेलवे स्टेशन पर विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं में सुधार की मांग की। इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। ज्ञापन में प्रमुख रूप से मंडल रेल समिति में संस्था के एक सदस्य को मनोनीत करने की मांग की गई। इसके अलावा सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट का संचालन सुनिश्चित कराने, एस्केलेटर का निर्माण कराने तथा प्लेटफार्म नंबर 5 और 6 पर शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून से दिल्ली के बीच संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव गाजियाबाद में किए जाने का मुद्दा भी उठाया। साथ ही सहारनपुर से अंबाला के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए पैसेंजर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध होने से वरिष्ठ नागरिकों सहित अन्य यात्रियों को राहत मिलेगी। उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। इस दौरान संस्था के राष्ट्रीय सचिव संदीप गुप्ता, सहारनपुर अध्यक्ष अजय अत्री, महासचिव अरुण सूरी, कोषाध्यक्ष अरुण प्रकाश शर्मा, संरक्षक आरके जैन और आरसी शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ