नेशनल मेडिकल कॉलेज और आई प्वाइंट हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में मनाया गया सर सैयद दिवस
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-नेशनल मेडिकल कॉलेज और आई प्वाइंट हॉस्पिटल सहारनपुर के संयुक्त तत्वावधान में आज सर सैयद दिवस बड़े वैभव, गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. असलम खान, प्रिंसिपल, नेशनल मेडिकल कॉलेज सहारनपुर ने की।
इस अवसर पर डॉ. सफीना तबस्सुम, एमबीबीएस, एमएस, गोल्ड मेडलिस्ट एवं सीआरपीएफ की पूर्व डिप्टी कमांडेंट ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस एवं एमएस की शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सर सैयद अहमद खान द्वारा स्थापित विश्वविद्यालय से विशेषज्ञ चिकित्सक बनकर मुझे भारतीय सुरक्षा बल सीआरपीएफ की सेवा करने का अवसर मिला और अब कई वर्षों से सहारनपुर में नेत्र शल्य चिकित्सा के माध्यम से हजारों लोगों को दोबारा दृष्टि प्रदान करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। इसका श्रेय मेरे पिता डॉ. असलम खान को जाता है। डॉ. सफीना तबस्सुम ने सर सैयद अहमद खान के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर डॉ. असलम खान ने कहा कि सर सैयद अहमद खान का संदेश था कि हिंदुस्तान की तकदीर तलवार से नहीं, तालीम से बदलेगी। उन्होंने हमें सिखाया कि अज्ञानता से बड़ी कोई गरीबी नहीं और शिक्षा से बड़ी कोई ताकत नहीं। आइए, हम केवल सर सैयद का जन्मदिन न मनाएँ, बल्कि उनके शैक्षिक मिशन को अपनी जिंदगी का उद्देश्य बनाएँ। याद रखिए, जिस कौम के हाथ में कलम और दिमाग में वैज्ञानिक सोच होती है, उसका भविष्य कोई नहीं रोक सकता।डॉ. असलम खान ने आगे कहा कि यदि पवित्र कुरान की शिक्षाओं का गहराई से अध्ययन किया जाए, तो स्पष्ट होता है कि कुरान का मूल उद्देश्य भी इंसान को एक बेहतर, चरित्रवान, शांतिप्रिय और मानवता का हितैषी इंसान बनाना है। कार्यक्रम के अंत में पद्म विभूषण से सम्मानित मौलाना वहीदुद्दीन खान साहब की आध्यात्मिकता, शांति, प्रेम और मानवता का संदेश देने वाली पुस्तकें डॉ. असलम खान एवं डॉ. सफीना तबस्सुम द्वारा सभी उपस्थित लोगों को निःशुल्क वितरित की गईं। इस पहल का उद्देश्य शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज में आध्यात्मिक जागरूकता, शांति, सद्भाव, धार्मिक सहिष्णुता और मानवीय मूल्यों का प्रसार करना था, ताकि नई पीढ़ी ज्ञान के साथ-साथ उच्च नैतिकता, सकारात्मक सोच और मानवता की सेवा के भाव से भी समृद्ध हो। कार्यक्रम में श्री मुशाहिद सिद्दीकी, श्री राहुल, कुमारी ज्योति, श्री अमान खान, श्री गुलजार अहमद साहब, आई प्वाइंट हॉस्पिटल के समस्त स्टाफ, जनपद सहारनपुर के अनेक वरिष्ठ नागरिकों एवं रोगियों ने सहयोग प्रदान किया तथा सर सैयद अहमद खान की 209वीं जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।


0 टिप्पणियाँ