एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए जिला व मंडलीय ट्रायल का होगा आयोजन
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर-प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन 3 व 4 दिसंबर 2026 को अयोध्या में किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए सहारनपुर मंडल की टीम के चयन हेतु जिला एवं मंडलीय स्तर पर चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
क्रीड़ा अधिकारी राहुल चोपड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल 30 नवंबर को प्रातः 11 बजे तथा मंडलीय चयन ट्रायल 1 दिसंबर को अपराह्न 1 बजे डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम, सहारनपुर में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली बालिका खिलाड़ियों की आयु 31 दिसंबर 2026 को 17 वर्ष से कम होनी अनिवार्य है। ट्रायल में शामिल होने वाली खिलाड़ियों को नगर निगम द्वारा जारी जन्मतिथि प्रमाण-पत्र अथवा आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।क्रीड़ा अधिकारी राहुल चोपड़ा ने जनपद के समस्त स्कूल एवं कॉलेजों के प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे अपने संस्थानों की इच्छुक बालिका खिलाड़ियों को खेल अध्यापक के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए खिलाड़ियों का पंजीकरण पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।

0 टिप्पणियाँ