ग्लोकल विश्वविद्यालय में वर्ष 2026 का भव्य दीक्षांत समारोह आयोजित
दो हज़ार से अधिक विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को प्रदान की गईं विभिन्न शैक्षणिक डिग्री
मणिपुर के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता एवं राजनेता हेनरी ओकराम को मानद पीएच.डी. से किया गया सम्मानित
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- ग्लोकल विश्वविद्यालय में वर्ष 2026 का दीक्षांत समारोह अत्यंत गरिमामय एवं भव्य वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न संकायों एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों के विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं पीएच.डी. की डिग्रियाँ प्रदान की गईं।इस अवसर पर मणिपुर के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता एवं राजनेता श्री हेनरी ओकराम को उनके सामाजिक योगदान एवं सार्वजनिक जीवन में उल्लेखनीय भूमिका के लिए मानद पीएच.डी. की उपाधि से सम्मानित किया गया।इस शैक्षणिक वर्ष में ग्लोकल विश्वविद्यालय द्वारा दो हज़ार से अधिक डिग्रियाँ प्रदान की गईं, स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा विद्यार्थी एवं पीएच.डी. शोधार्थी शामिल रहे। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध एवं कौशल विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।शैक्षणिक शोभायात्रा से पूर्व भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), खड़गपुर के प्रोफेसर सुमन द्वारा वीडियो प्रस्तुति दी गई।समारोह का शुभारंभ पारंपरिक अकादमिक प्रोसेशन के साथ हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय के अतिरिक्त प्रतिकुलाधिपति, कुलपति, कुलसचिव, वरिष्ठ अधिकारी एवं आमंत्रित अतिथियों ने सहभागिता की। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया तथा विश्वविद्यालय के कुलगीत की प्रस्तुति हुई।विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. जॉन फिनबे ने अपने उद्घाटन संबोधन में कहा कि ग्लोकल विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीक आधारित शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कर रहा है। उन्होंने सभी उपाधिधारकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इसके उपरांत विश्वविद्यालय की कुलसचिव प्रोफेसर शिवानी तिवारी ने स्वागत संबोधन में कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की मेहनत और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव है। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई दी।विश्वविद्यालय के अतिरिक्त प्रतिकुलाधिपति श्री सैयद निज़ामुद्दीन ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि देश के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग राष्ट्र निर्माण एवं समाज के कल्याण के लिए करने का आह्वान किया।समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. अखिलेश मिश्रा, आई.ए.एस. ने डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने युवाओं को जीवन में नए अवसरों को पहचानने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।विशिष्ट अतिथि श्री शिव शंकर द्विवेदी, पूर्व संयुक्त सचिव, उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर तलाशने के साथ-साथ उद्यमिता और नवाचार की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की उद्यमशील सोच देश की आर्थिक प्रगति को नई दिशा प्रदान कर सकती है।इसके पश्चात कुलपति प्रोफेसर डॉ. जॉन फिनबे द्वारा विश्वविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध गतिविधियों, संस्थागत विकास, विभिन्न अकादमिक कार्यक्रमों एवं भविष्य की योजनाओं का विस्तृत विवरण दिया गया।वार्षिक रिपोर्ट के उपरांत डिग्री वितरण की औपचारिक प्रक्रिया प्रारंभ हुई। कुलसचिव प्रोफेसर शिवानी तिवारी ने नियमानुसार अनुमति प्राप्त कर विभिन्न संकायों एवं विभागों के विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान करने की प्रक्रिया का संचालन किया। क्रमवार विद्यार्थियों को मंच पर आमंत्रित कर उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। पीएच.डी. उपाधि वितरण के दौरान शोधार्थियों का परिचय प्रस्तुत किया गया तथा कुलपति द्वारा उन्हें डॉक्टरेट की उपाधियाँ प्रदान की गईं।इस अवसर पर मणिपुर के प्रतिष्ठित सामाजिक कार्यकर्ता एवं राजनेता श्री हेनरी ओकराम को मानद पीएच.डी. की उपाधि प्रदान किया जाना समारोह का एक विशेष आकर्षण रहा। उनके सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन में योगदान को सम्मानित करते हुए विश्वविद्यालय ने उन्हें यह विशिष्ट शैक्षणिक सम्मान प्रदान किया।समारोह के समापन सत्र में आई.क्यू.ए.सी. निदेशक प्रोफेसर डॉ. संजय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रबंधन, मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, गणमान्य अतिथियों, मीडिया के अतिथियों, शिक्षकों, आयोजन समिति, विधार्थियों, अभिभावकों एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात कुलपति ने दीक्षांत समारोह के औपचारिक समापन की घोषणा की और उसके बाद कुलपति के द्वारा शपथ ग्रहण कराया गया lराष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और अकादमिक प्रोसेशन संपन्न हुआ।कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ सामूहिक फोटो लिया गया। इसके पश्चात सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए भव्य रात्रिभोज का आयोजन किया गया।समारोह का सफल एवं प्रभावशाली संचालन संयुक्त रूप से डॉ. रेशमा ताहिर, डॉ शोभा त्रिपाठी, सुश्री आराधना इलियास, सुश्री आयुषी , डॉ नाज़िया खान, डॉ फातिमा परवीन अकील, सुश्री खुशी, सुश्री आयशा सिद्दीकी, सुश्री मुस्कान, सुश्री साक्षी, सुश्री आश्रीता दुबे के द्वारा किया गया।इस भव्य आयोजन में दीक्षांत समारोह आयोजन समिति के अध्यक्ष, समन्वयक एवं सदस्यगण, सहित डीन एकैडमिक्स प्रोफेसर अश्वनी कुमार,चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर सी.पी. वर्मा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. सैफुल्लाह ज़फ़र, डीन रिसर्च प्रोफेसर मो. युसुफ, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मो. वाजिद खान, प्रोफेसर मो. मज़हर अफज़ल, प्रोफेसर रेहान शफी, डॉ. मो. बाबू खान, डॉ. जोगिंदर रोहिला, श्री सुरजीत सिंह, श्री अहमद अली, श्री मुकेश बिस्वास, श्री फ़ैज़ान अली, साहित विभिन्न संकायों के डीन एवं विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, गैर-शिक्षण कर्मचारीवृन्द , विद्यार्थीयों, अभिभावकों तथा अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थित रही l ग्लोकल विश्वविद्यालय का यह दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत, शैक्षणिक उपलब्धियों और उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं का उत्सव बना।



0 टिप्पणियाँ