मुख्यमंत्री के प्रस्तावित जनपद सहारनपुर भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत एसएसपी सहारनपुर ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ की गोष्ठी
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद सहारनपुर में प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सहारनपुर पुलिस ने कमर कस ली है। इसको लेकर आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर की अध्यक्षता में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, समस्त क्षेत्राधिकारी तथा कार्यक्रम से जुड़े अन्य संबंधित पुलिस अधिकारी और कर्मचारीगण मौजूद रहे। बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी दी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने ब्रीफिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, रूट व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर अधिकारी और कर्मचारी को अपनी ड्यूटी का पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ निर्वहन करना होगा।बैठक में विशेष रूप से रूट व्यवस्था पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री के काफिले के रूट पर यातायात को सुचारू रखने, डायवर्जन की व्यवस्था, पार्किंग स्थल चिन्हित करने और आम जनता को परेशानी न हो, इसके लिए विशेष निर्देश दिए गए। साथ ही भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, चेकिंग और निगरानी बढ़ाने को कहा गया। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल से ही कार्यक्रम को सफल बनाया जा सकता है। ड्यूटी के दौरान सभी को विशेष सतर्कता और सजगता बरतनी होगी। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए। अंत में एसएसपी ने कहा कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि मुख्यमंत्री का प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम पूर्ण सुरक्षा, शांति और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के साथ सकुशल सम्पन्न हो सके।


0 टिप्पणियाँ