नगर निगम में नगरायुक्त ने किया ध्वजारोहण
सहारनपुर। नगर निगम ने गणतंत्र पर्व के साथ उल्लास का पर्व बसंत पंचमी भी हर्षोल्लास से मनाया। नगरायुक्त ग़ज़ल भारद्वाज ने ध्वजारोहण किया और निगम के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का संकल्प दिलाया गया। जय मंगला जूनियर हाई स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।
नगरायुक्त ग़ज़ल भारद्वाज के आह्वान पर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्वच्छता, कार्य संस्कृति तथा शहर के विकास की दृष्टि से सहारनपुर नगर निगम को दूसरे निगमों से बेहतर और अनुकरणीय बनाने का संकल्प लिया। नगरायुक्त ने संविधान की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए संविधान में पूर्ण आस्था रखते हुए देश के विकास में सहयोग करने पर जोर दिया। इससे पूर्व नगरायुक्त ग़ज़ल भारद्वाज ने मां शारदा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर व पुष्प अर्पित कर मां वागीश्वरी को नमन किया। साहित्यकार डाॅ.वीरेन्द्र आज़म ने बसंत पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। अपर नगरायुक्त राजेश यादव व लेखाधिकारी राजीव कुशवाह ने संविधान की प्रस्तावना तथा उसमें दिए गए व्यक्ति के मौलिक अधिकारों के साथ साथ उसके कर्तव्यों की भी विस्तार से जानकारी दी। कर्नल बी एस नेगी ने इतिहास के परिपेक्ष्य में संविधान पर प्रकाश डाला। निगम की ओर से नगरायुक्त ने बच्चों को उपहार भेंट किए। समारोह में अपर नगरायुक्त एस के तिवारी, सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, अधिशासी अभियंता आलोक श्रीवास्तव, अमरेन्द्र गौतम, सुशील सिंघल सहित समस्त अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट -अमान उल्ला खान
0 टिप्पणियाँ