उत्तर प्रदेश वैश्य अग्रवाल ट्रस्ट ने किया भाजपा नगर मंडल में नवनियुक्त कोषाध्यक्ष अजय गर्ग और मीडिया संयोजक विशाल गर्ग का अभिनंदन
रिपोर्ट समीर चौधरी
देवबंद- उत्तर प्रदेश वैश्य अग्रवाल ट्रस्ट देवबंद की ओर से एक सम्मान समारोह का आयोजन रेलवे रोड स्थित ब्रह्मपुरी कॉलोनी में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भाजपा नगर मंडल में नवनियुक्त कोषाध्यक्ष अजय गर्ग और मीडिया संयोजक विशाल गर्ग का अभिनंदन करना था।
संस्था के अध्यक्ष नितिन गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी, जो विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है, ने सदैव वैश्य समाज का मान बढ़ाया है। देवबंद नगर में पहली बार वैश्य समाज से विपिन गर्ग को नगर पालिका अध्यक्ष और अरुण गुप्ता को भाजपा नगर अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया गया, जो समाज के लिए गौरव की बात है।इसी क्रम में अजय गर्ग को कोषाध्यक्ष और विशाल गर्ग को मीडिया संयोजक बनाया जाना एक सराहनीय कदम है। ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दोनों पदाधिकारियों का पटका पहनाकर और प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया।इस अवसर पर अजय गर्ग और विशाल गर्ग ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे।कार्यक्रम की अध्यक्षता नितिन गुप्ता ने की, जबकि संचालन गगन मित्तल ने किया। समारोह में निखिल अग्रवाल, मनमोहन गर्ग, मुकेश अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ