Ticker

6/recent/ticker-posts

सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ करें कार्य- सीडीओ

 सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ करें कार्य- सीडीओ

जनवरी से जून तक विभिन्न प्रावधानों के अंतर्गत कुल 19,523चालान

रिपोर्ट श्रवण कुमार झा

हरिद्वार- जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिला कार्यालय सभागार में आयोजित की गई।बैठक में परिवहन विभाग,पुलिस विभाग,राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण लोक निर्माण विभाग,शिक्षा विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद में चिन्हित 25 ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुधारात्मक कार्य प्रारंभ किए जाएं।जहां सड़क की ज्यादा खामियां है,संकेतक बोर्डों का अभाव,प्रकाश व्यवस्था,रोड मार्किंग,स्पीड ब्रेकर अथवा अन्य सुरक्षा उपायों की आवश्यकता हो, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्ण किए जाएं,जिससे दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।उन्होंने परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि ओवर स्पीडिंग, नशे की हालत में वाहन संचालन,बिना हेलमेट,बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित एवं सघन प्रवर्तन अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा द्वारा परिवहन विभाग की प्रवर्तन कार्यवाही का विस्तृत विवरण भी प्रस्तुत किया गया। बताया गया कि जनवरी 2026से जून 2026तक सड़क सुरक्षा एवं मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के अंतर्गत कुल 19,523चालान किए गए।इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने के 15,874,ओवरस्पीडिंग के 7,751,भार वाहनों में ओवरलोड के 1,142,दुपहिया वाहनों में ओवरलोड के 1,063,सीट बेल्ट का प्रयोग न करने के 1,113,माल वाहनों में सवारी ले जाने के 402,वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग के 335,गलत दिशा में वाहन संचालन के 153 ,नो पार्किंग के 93 तथा ड्रिंक एंड ड्राइव के 6मामलों में चालान की कार्रवाई की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रवर्तन अभियान नियमित रूप से जारी रखते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में प्रस्तुत सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए कहा कि वर्तमान में दुर्घटनाओं के बढ़ते ग्राफ को हर हाल में नीचे लाना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग ठोस कार्ययोजना बनाकर कार्य करे ताकि सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली जनहानि में उल्लेखनीय कमी लाई जा सके।बैठक में सड़क सुरक्षा ऑडिट,दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी संकेतक स्थापित करने,सड़क संकेतकों एवं रिफ्लेक्टिव मार्किंग को सुदृढ़ करने,सड़क सुरक्षा संबंधी जनजागरूकता कार्यक्रमों तथा विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने -अपने विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण हटाने हेतु संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा द्वारा विभागवार विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।इस दौरान अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता,पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता डी.पी.सिंह,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा,आरटीओ (प्रवर्तन) कृष्ण चंद्र पलारिया,सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह,एसीएमओ डॉ.अनिल कुमार वर्मा,एनएचएआई के अधिकारी एम संतोष,लोनिवि अधिशासी अभियंता हरिद्वार योगेश कुमार,लोनिवि अधिशासी अभियंता रुड़की सोनू त्यागी,लोनिवि अधिशासी अभियंता लक्सर नवनीत पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

 अखाड़ा परिषद ने जूना अखाड़े की नई महामंडलेश्वर को दिया समर्थन