Ticker

6/recent/ticker-posts

कांवड़ यात्रा की पवित्रता और गरिमा बनाये रखते हुए सम्पन्न कराएं-महापौर

  कांवड़ यात्रा की पवित्रता और गरिमा बनाये रखते हुए सम्पन्न कराएं-महापौर

महापौर व नगरायुक्त ने निगम अधिकारियों के साथ किया कांवड़ रुट का निरीक्षण

रिपोर्ट अमान उल्ला खान

सहारनपुर-भारतीय संस्कृति के एक महापर्व कांवड़ यात्रा को निर्विघ्न और सौल्लास संपन्न कराने के उद्देश्य से महापौर डॉ. अजय कुमार एवं नगरायुक्त शिपू गिरि ने नगर निगम अधिकारियों के साथ निगम क्षेत्र अंतर्गत कांवड़ रुट का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने निगम द्वारा की जा रही तैयारियों का जायजा लेते हुए कांवड़ मार्ग पर विशेष सफाई व्यवस्था, कूड़ा एकत्रिकरण, पेयजल आपूर्ति, स्थायी एवं अस्थायी शौचालयों एवं प्रकाश व्यवस्था आदि के सम्बंध में अधिकारियों को निर्देश दिए, वहीं शिविर संचालकों से कांवड़ यात्रा और सेवा को पूर्णतः पॉलीथिन मुक्त इवेंट बनाने का आग्रह भी किया। महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि कांवड़ पर्व आस्था और श्रद्धा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना का उत्सव है, इसकी पवित्रता और गरिमा को बनाये रखते हुए इसे सम्पन्न कराना हमारा कर्तव्य भी है और नैतिक दायित्व भी।  

महापौर डॉ. अजय कुमार एवं नगरायुक्त शिपू गिरि ने अम्बाला रोड स्थित बड़ी नहर के निकट लगने वाले कांवड़ शिविर से निरीक्षण की शुरुआत की। इस दौरान उपसभापति मयंक गर्ग व कांवड़ सेवा संघ के पदाधिकारी संजय फुटेला और रविकांत धीमान  भी साथ रहे। महापौर ने बड़ी नहर के निकट लगने वाले शिविर संचालकों के अनुरोध पर वहां बोरिंग चालू कराने व लीकेज ठीक कराने के निर्देश दिए। नगरायुक्त ने उद्यान प्रभारी डॉ. संदीप मिश्रा को अंबाला रोड पर दोनों ओर खड़ी घास कटवाने तथा निर्माण विभाग को भैरों मंदिर के निकट रेलवे लाइन पर दोनों ओर टीन शेड लगाकर लाइन क्रॉस करने के लिए बनाये गए अवैध मार्ग को पूरी तरह बंद कराने के निर्देश दिए। महापौर ने क्लार्क होटल तिरोह पर स्थित ट्रांसफार्मर की विद्युत विभाग द्वारा बैरिकेटिंग न किये जाने पर उक्त ट्रासफॉर्मर सहित कांवड़ मार्ग के सभी ट्रांसफॉर्मरों की बैरिकेटिंग सुनिश्चित कराने को कहा। नगरायुक्त ने हाईटंेशन लाइन के नीचे लगाये जा रहे कांवड़ शिविर के सम्बंध में निगम के विद्युत प्रभारी को निर्देश दिए कि वे विद्युत विभाग को पत्र लिखकर इस सम्बंध में पूछ ले और यदि उन्हें आपत्ति हो तो शिविर को आगे-पीछे कर स्थान परिवर्तन कराया जाए। उन्होंने सभी कांवड़ शिविर संचालकों से अपील की कि वे विद्युत तारों को ध्यान में रखकर शिविर लगाएं।
नगरायुक्त ने जोनल प्रभारियों को अपने-अपने जोनल क्षेत्र के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं को अंतिम रुप से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस बीच महापौर व नगरायुक्त ने  संजय कर्णवाल, संजय भटेजा, राजीव चानना आदि के शिविर स्थलों का भी निरीक्षण किया। पार्षद प्रतिनिधि परविंद्र तोमर ने मोबाइल शौचालयों की समय से सफाई कराने और उनमें समय से जलापूर्ति कराने का सुझाव दिया। शिविर संचालक भोलाराम ने महापौर व नगरायुक्त को महाकाल के चित्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया। निरीक्षण के दौरान अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव व मृत्युंजय, सहायक नगरायुक्त जे पी यादव व बिकास धर दुबे, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र, पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा, पथ प्रकाश प्रभारी वी बी सिंह, प्रवर्तन दल प्रभारी एच बी गुरुंग, जेडएसओ गजेंद्र सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक इंद्रपाल सिह व परमानंद तथा अनेक अवर अभियंता शामिल रहे। 

-

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

हरिद्वार में राष्ट्रीय स्वयं सुरक्षा संघ के संगठन विस्तार को मिली गति, तरुण सिरोही बने प्रदेश उपाध्यक्ष