कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेज,
निर्माणाधीन पुलों की प्रगति और गुणवत्ता का अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार-कुंभ मेला-2027 के सफल,सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए मेला क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने की दिशा में मेला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।
मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देश पर शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने शनिवार को मेला क्षेत्र में विभिन्न निर्माणाधीन पुलों का स्थलीय निरीक्षण किया।इस दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति के साथ ही निर्माण की गुणवत्ता का भी जायजा लिया।निरीक्षण टीम ने खड़खड़ी श्मशान घाट जाने वाले मार्ग पर सूखी नदी में कॉजवे के स्थान पर 1321.96लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन डबल लेन पुल का निरीक्षण किया। इसके बाद मायापुर स्कैप चौनल पर दक्षद्वीप एवं बैरागी कैंप को जोड़ने के लिए पूर्व निर्मित सेतु के डाउन स्ट्रीम में 1246.09लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे 60मीटर स्पान बो-स्ट्रीम स्टील गर्डर डबल लेन पुल के निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता को परखा। अधिकारियों की टीम ने ज्वालापुर से ईदगाह,सुभाषनगर पीएसी होते हुए शिवालिक नगर तक जाने वाले मोटर मार्ग के किलोमीटर-3 में पथरी रौ नदी पर 966.61लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन 60मीटर स्पान प्री-स्ट्रेस आरसीसी पुल का भी निरीक्षण किया।इसके अतिरिक्त धनौरी-सिडकुल लिंक मार्ग पर पथरी रौ नदी में पुरानी गंगनहर साइफन के डाउन स्ट्रीम में 1659.42 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन 90मीटर स्पान कंपोजिट स्टील गर्डर डबल लेन पुल की प्रगति का भी जायजा लिया गया।निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 की दृष्टि से महत्वपूर्ण इन परियोजनाओं में गुणवत्ता,सुरक्षा और सुगमता को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए।मुख्य विकास अधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियुक्त थर्ड पार्टी एजेंसी द्वारा नियमित एवं प्रभावी गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश दिए। कार्यस्थलों पर पर्याप्त मात्रा में आवश्यक संसाधन,मशीनरी एवं निर्माण सामग्री की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित रखी जाए,ताकि कार्यों की गति प्रभावित न हो। उन्होंने मेलाधिकारी के निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के लिए आवश्यकता के अनुसार दिन-रात कार्य संचालित करने के निर्देश दिए।मुख्य विकास अधिकारी ने धनौरी-सिडकुल लिंक मार्ग पर पथरी रौ नदी में निर्माणाधीन पुल की अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तत्काल तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 से जुड़े सभी निर्माण कार्यों की नियमित रूप से निगरानी की जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजनाओं को पूर्ण कराने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य किया जाए।निरीक्षण के दौरान आयुक्त गढ़वाल मंडल के प्रतिनिधि के रूप में विशेषज्ञ समन्वयक गंगा प्रसाद पंत,कुंभ मेला टेक्निकल सेल के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार,सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल,लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ