गांधी जयन्ती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में हुई बैठक
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान के निर्देशों के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 सुनील कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में नगर के गणमान्य नागरिकों एवं अधिकारियों के साथ गांधी जयन्ती के पर्व के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में बैठक आहूत की गयी। बैठक में परंपरागत रूप से गांधी जयन्ती के अवसर पर सम्पन्न होने वाले कार्यक्रमों की रूप रेखा तैयार की गयी।
डॉ0 सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि 02 अक्टूबर को सभी राजकीय भवनों एवं शिक्षण संस्थाओं पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं श्री लाल बहादुर शास़्त्री जी के चित्र पर माल्यापर्ण किया जाये तथा गांधी जी की प्रिय रामधुन का गायन किया जाए। राजकीय भवनों एवं कार्यालयों में रात्रि के समय रोशनी की व्यवस्था किया जाना सुनिश्चित करें। गांधी जयन्ती के अवसर पर प्रभात फेरी, महापुरूर्षो की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, सफाई व्यवस्था, खादी प्रदर्शनी एवं सूत कताई कार्यक्रम, रक्तदान शिविर, सर्व धर्म शान्ति सभा, विचार गोष्ठी, वृक्षारोपण, पैदल चाल प्रतियोगिता, संस्थाओं में फल वितरण तथा कुष्ठ आश्रमों में भोजन वितरण आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि गांधी जयन्ती के अवसर पर जनपद में पूर्णतया मद्य निषेद्य सुनिश्चित किया जाए। सभी अधिकारी दिये गये निर्देशों एवं सौंपी गयी जिम्मेदारी का कडाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री सलिल कुमार पटेल, एसपी यातायात श्री शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, पीडी डीआरडीए श्री प्रणय कृष्ण सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण एवं श्री जयनाथ शर्मा, श्री सरफराज खान, श्री ब्रित चावला, श्री दलजीत सिंह कोचर, श्री अमीरखान, श्री महेन्द्र कुमार तनेजा आदि उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ