अवैध डेरी संचालन पर नगरायुक्त ने दिए कार्रवाई के निर्देश
जनसुनवाई में आयी पांच समस्याओं में से एक का हुआ तत्काल निस्तारण
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-जनसुनवाई में आज आयी पांच समस्याओं में से सीवर लाइन सफाई सम्बंधी एक समस्याआ का नगरायुक्त शिपू गिरि द्वारा तत्काल समाधान कराया गया। जबकि लाइट सम्बंधी तीन समस्याओं के लिए पथ प्रकाश प्रभारी तथा अवैध डेरियों के सम्बंध में निगम के पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वार्ड 07 नाला पटरी निवासी उस्मान मलिक ने सीवर लाइन की साफ सफाई कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर सफाई कर्मचारी को भेजकर समस्या का तत्काल समाधान कराया गया। इसके अतिरिक्त वार्ड 16 शिवाजी नगर निवासी पद्म सिंह शर्मा, वार्ड 66 नदीम कॉलोनी निवासी आसिफ तथा वार्ड 22 खुमरान पुल निवासी ममता वर्मा ने स्ट्रीट लाइट ठीक कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिए। जिस पर नगरायुक्त शिपू गिरि ने पथ प्रकाश प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए।वार्ड 06 वर्धमान कॉलोनी निवासी राजीव ने चिलकाना रोड स्थित घास कांटे वाली गली में चल रही अवैध डेरियों को बंद कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर नगरायुक्त ने पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान अपर नगरायुक्त सूरज कुमार यादव, मृत्युंजय, सहायक नगरायुक्त बिकासधर दुबे, जीएम जलकल पुरुषोत्तम कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ