जिला जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर-पुलिस लाइन खेल मैदान पर आयोजित सहारनपुर जिला जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। सहारनपुर जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से राष्ट्रीय अंतर जिला जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी खेल क्षमता का परिचय दिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ पार्षद अमित त्यागी एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी व पार्षद गौरव कपिल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा गैस के गुब्बारे हवा में उड़ाकर किया। इससे पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी वैभव कपिल और परी पंवार ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की शपथ दिलाई।जिला एथलेटिक्स संघ सहारनपुर के सचिव डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि 20वीं राष्ट्रीय अंतर जिला जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में 14 से 16 नवंबर तक किया जाएगा। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 14 वर्ष से कम और 16 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं प्रतिभाग करेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला स्तर पर खिलाड़ियों की प्रतिभा परखने और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया। उन्होंने बताया की प्रतियोगिता के अंडर-16 बालक वर्ग की 60 मीटर दौड़ में अनंत शर्मा ने प्रथम, सूरज कुमार ने द्वितीय और आयुष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 600 मीटर दौड़ में आयुष गौरसी ने पहला, प्रिंस तोमर ने दूसरा और हर्षित ने तीसरा स्थान हासिल किया। हाई जंप स्पर्धा में मोहम्मद कैफ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लॉन्ग जंप में कृष ने प्रथम, शौर्य पाराशर ने द्वितीय और देवांश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं शॉटपुट स्पर्धा में वंश कुमार प्रथम, शाहिद द्वितीय और मोहम्मद काशिफ तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में अन्य खिलाड़ियों ने भी विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।आयोजन अध्यक्ष मुस्तकीम अंसारी और आयोजन सचिव भूपेंद्र सिंह के निर्देशन में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथियों के साथ जिला एथलेटिक्स संघ की अध्यक्ष सुषमा बजाज तथा मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय के क्रीड़ा विभाग के सचिव प्रोफेसर संदीप गुप्ता का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रतियोगिता निदेशक यशपाल सिंह पुंडीर के निर्देशन में ईश्वरपाल सिंह, दीपक शर्मा, पॉपिन कुमार, प्रवीण कुमार, भूपेंद्र, निशु राणा, राकेश कुमार, राजेंद्र कुमार, स्नेहा, साहिल, उन्मानी, साक्षी, मनीष, शिखर, आदित्य सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।


0 टिप्पणियाँ