डीआरएम विनोद भाटिया ने किया सहारनपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- अंबाला रेल मंडल के डीआरएम विनोद भाटिया ने गुरुवार को सहारनपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक कर स्टेशन की व्यवस्थाओं को और अधिक दुरुस्त करने तथा निर्माणाधीन विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। डीआरएम विनोद भाटिया अपनी विशेष रेलगाड़ी से प्लेटफार्म नंबर चार पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक कर स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और वरिष्ठ नागरिकों से भी शिष्टाचार भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनके स्तर से संबंधित समस्याओं का हरसंभव समाधान कराया जाएगा। वहीं, जिन समस्याओं के समाधान के लिए नई दिल्ली स्थित उच्च अधिकारियों के स्तर पर कार्रवाई की आवश्यकता होगी, उन्हें वहां भेजकर निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद डीआरएम ने रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों, टिकट विंडो, पार्सल कार्यालय, भोजनालय, सेमी सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्टेशन पर स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अंबाला रेल मंडल और सहारनपुर के रेलवे अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ